मॉडल शॉप बंद होने के बाद ओवररेट पर बेच रहे थे शराब, सिगरा पुलिस ने दो विक्रेताओं को पकड़ा
वाराणसी। सिगरा थाना पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मॉडल शॉप बंद होने के बाद निर्धारित समय के पश्चात ओवररेट पर शराब और बीयर बेचकर अवैध रूप से मुनाफा कमा रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न ब्रांड की शराब और बीयर की खेप भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कैंट रेलवे स्टेशन के सामने कुछ लोग देर रात दुकानें बंद होने के बाद शराब की अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिगरा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से बड़ी मात्रा में शराब और बीयर बरामद हुई, जिसे वे ग्राहकों को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेच रहे थे।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मॉडल शॉप बंद होने के बाद शराब की मांग का फायदा उठाकर ग्राहकों से मनमाना दाम वसूलते थे। इससे उन्हें प्रतिदिन अच्छी-खासी अवैध कमाई होती थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों के साथ इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा शराब की आपूर्ति उन्हें कहां से होती थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए अभियान तेज करने की बात कही है। यह पूरा मामला सिगरा थाना क्षेत्र स्थित विजयनगरम मार्केट का है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री, ओवररेटिंग और निर्धारित समय के बाद शराब बेचने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

