मणिकर्णिका पर श्री नृसिंह प्राकट्य महोत्सव, वेद पाठ, भजन और वैदिक पूजन से गूंजा सिद्ध पीठ

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी के मणिकर्णिका स्थित सिद्ध पीठ श्री नृसिंह मठ में त्रिदिवसीय श्री नृसिंह प्राकट्य महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। विश्व हिंदू परिषद, धर्म जागरण न्यास एवं वेद शिक्षा मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव के दूसरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष धूम रही।

123

महोत्सव के दूसरे दिन प्रातःकाल वैदिक विद्यार्थियों द्वारा शुक्ल यजुर्वेद की माध्यान्दिनीय शाखा का सस्वर पाठ किया गया, जिससे पूरा परिसर वैदिक मंत्रों की गूंज से भक्तिमय हो उठा। इसके बाद विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

123

सायंकाल आयोजित कार्यक्रम में प्रसिद्ध कथावाचक एवं “रामायण चालीसा” के रचयिता पंडित सौरभ मिश्रा ने अपने भजनों से उपस्थित भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। इस दौरान भारत विकास परिषद की नीलकंठ शाखा के सदस्यों ने भी भक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम के दौरान “रामायण चालीसा” का विमोचन विश्व हिंदू परिषद काशी प्रांत के सह मंत्री सत्य प्रकाश सिंह द्वारा किया गया।

इसके पश्चात आचार्य पंडित बिट्टू झा एवं वैदिक आचार्यों के निर्देशन में श्री कोलाहल नृसिंह भगवान का वैदिक रीति से षोडशोपचार पूजन संपन्न हुआ। इस पूजन के मुख्य यजमान अनुराग पांडे अपने परिवार के साथ रहे। विशेष आकर्षण के रूप में प्राचीन परंपरा का निर्वहन करते हुए भगवान की आरती वेद मूर्ति शिवम उपाध्याय द्वारा की गई। यह वही आरती है, जिसे पूर्व में अनंत विभूषित स्वामी ऋतानंद जी महाराज द्वारा किया जाता था।

ज्योतिषीय गणना के अनुसार सायं 6:28 बजे भगवान श्री कोलाहल नृसिंह का प्राकट्य माना गया, जिस क्षण पूरे मठ परिसर में जयघोष और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि से वातावरण गूंज उठा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में साधु-संत, श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक चंद्र मोहन, राकेश अग्रहरी और राजेश विश्वकर्मा सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

अतिथियों और भक्तों का स्वागत पंडित कामेश्वर पाठक, विजय चौधरी, श्याम सुंदर सिंह, कमल कुमार सिंह, विकास मेहरा, सुरेश जायसवाल, दिनेश भारद्वाज, सुनील गुजराती, रवि प्रकाश बरनवाल, संजीव श्रीवास्तव, अनुपम खन्ना, विमल त्रिपाठी, अनंत जोशी और सुजीत चौधरी सहित अन्य आयोजकों ने किया।

Share this story