कफ सिरप तस्करी में फरार शुभम के नाम पर धमकी, शराब कारोबारी पर फायरिंग और 8.66 लाख हड़पने का आरोप, पत्नी और मां पर भी मुकदमा
वाराणसी। कफ सिरप तस्करी मामले में फरार चल रहे शुभम जायसवाल के नाम पर धमकी देकर लखनऊ के शराब कारोबारी को बंधक बनाने, मारपीट करने और जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का मामला सामने आया है। शराब की आपूर्ति के बकाये 8.66 लाख रुपये हड़पने का भी आरोप है। पीड़ित कारोबारी की तहरीर पर मंडुवाडीह थाने में जिला जेल में बंद वैभव जायसवाल, उसकी पत्नी शिवांगी जायसवाल और मां राधिका जायसवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकीपुरम, लखनऊ निवासी बी हाइव एन्क्लेव एलएलपी फर्म के प्रबंधक अरविंद कुमार जायसवाल ने पुलिस को बताया कि उनकी फर्म वाराणसी और लखनऊ में शराब की आपूर्ति करती है। आरोप है कि शिवांगी जायसवाल और राधिका जायसवाल ने अपनी दुकानों के लिए फर्म से शराब मंगाई थी। शुरुआत में भुगतान नियमित रूप से किया गया, लेकिन बाद में आरोपियों ने भुगतान रोक दिया। दोनों दुकानों पर कुल 8,66,845 रुपये बकाया हो गए। इसमें राधिका की दुकान पर 2,66,390 रुपये और शिवांगी की दुकान पर 6,00,455 रुपये बकाया बताए गए हैं।
कर्मचारियों द्वारा बकाया रकम मांगे जाने पर वैभव जायसवाल पर टालमटोल करने का आरोप है। इसके बाद उसने कफ सिरप तस्करी मामले में फरार शुभम जायसवाल के नाम का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी। आरोप है कि वैभव ने कहा कि एसटीएफ जिस माफिया की तलाश कर रही है, उससे उसके संबंध हैं। पैसे मांगने या शराब की आपूर्ति रोकने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
अरविंद के मुताबिक, 25 मार्च 2026 को वैभव ने उसे चौकाघाट पानी की टंकी के पास बुलाया, जहां शिवांगी और राधिका भी मौजूद थीं। बकाया रुपये मांगने पर उसे बंधक बनाकर मारपीट की गई। अगले दिन वहां से भागने के दौरान वैभव ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी उसके घर और दुकान पर पहुंचकर पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देते रहे। मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि वैभव जायसवाल पहले से जेल में बंद है। शिवांगी और राधिका की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

