भव्य शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ श्रीकृष्ण प्राकट्य महोत्सव, माहेश्वरी भवन में तीन दिन तक होंगे विविध आयोजन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। हरे कृष्ण हरे राम संकीर्तन सोसाइटी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं प्राकट्य महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को भगवान श्रीकृष्ण, श्री लड्डू गोपाल तथा भगवान श्रीजगन्नाथ, श्री बलदेव और माता सुभद्रा की भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा प्रातः अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी, विद्यापीठ के सामने से निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

123

वैष्णव परिधान में सजे सोसाइटी के पदाधिकारी, भक्त और श्रद्धालु हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन करते हुए नाचते-झूमते शोभायात्रा में आगे बढ़े। बैंड-बाजे और संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। केएल मेमोरियल स्कूल, निराला नगर के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चे सामाजिक एवं धार्मिक संदेशों वाली पट्टियां लेकर चल रहे थे। श्रद्धालुओं की टोली राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ संकीर्तन करती हुई आगे बढ़ी।

123

शोभायात्रा में भारत माता की झांकी तथा श्री राधा-कृष्ण युगल की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा के माहेश्वरी भवन के समीप पहुंचने पर आरती की गई। इसके बाद श्रीश्री राधा गोविन्द देव जी, श्री जगन्नाथ देव, श्री बलदेव जी एवं माता सुभद्रा जी के श्री विग्रहों को तीन दिवसीय आयोजन के लिए माहेश्वरी भवन, महमूरगंज में स्थापित किया गया।

123

महोत्सव के प्रथम दिन के द्वितीय चरण में सायंकाल छह बजे धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ तुलसी महारानी की आरती से हुआ। इसके बाद श्री राधा रानी एवं भगवान श्रीकृष्ण के युगलावतार चैतन्य महाप्रभु की आरती तथा भगवान श्री नृसिंह की भावपूर्ण आरती हुई। आरती और महामंत्र संकीर्तन के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर नृत्य करते रहे। विभिन्न भक्तों ने भगवान श्री राधा गोविन्द की सेवा में भजन प्रस्तुत किए, जिससे माहेश्वरी भवन का वातावरण गोकुल और श्रीबृजधाम जैसा भक्तिमय नजर आया।

123

कार्यक्रम में भक्तिन शिवन्या, रोहिणी वर्तिका और वैष्णवी ने नृत्य-नाटिका की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सोसाइटी के मीडिया प्रवक्ता गुरु प्रसाद प्रभु जी ने बताया कि शुक्रवार, 4 सितंबर को भी महोत्सव दो चरणों में आयोजित होगा। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री मुकेश प्रभु जी करेंगे। सायंकाल छह बजे धार्मिक कार्यक्रम शुरू होंगे।

123

भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के अवसर पर रात्रि 10:30 बजे से उपस्थित श्रद्धालुओं द्वारा श्री लड्डू गोपाल जी का पंचामृत से सामूहिक अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भगवान को 108 व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा। रात्रि 12 बजे भगवान की महाआरती होगी और इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजन श्री राधा गोविन्द जी की सेवा में किया जा रहा है। महोत्सव को सफल बनाने में अध्यक्ष कृष्ण प्रसाद दास सहित सोसाइटी के पदाधिकारी, सेवक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे हैं।

Share this story