काशी में श्री जगन्नाथ मंदिर का होगा कायाकल्प, कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य करेंगे शिलान्यास
वाराणसी। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य अब औपचारिक रूप से शुरू होने जा रहा है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर 1 मई को भव्य ‘शिला पूजन एवं शिलान्यास’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कांची कामकोटि पीठाधीश्वर स्वामी शंकरविजयेंद्र सरस्वती अपने कर-कमलों से विधिवत शिलान्यास करेंगे।
मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में सचिव शैलेश त्रिपाठी और न्यासी डॉ. संजीव राय ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 मई को प्रातः 9 बजे से पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जो पूर्वाह्न 11 बजे तक चलेगा। शिलान्यास के बाद जगद्गुरु शंकराचार्य श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे और धर्मसभा को संबोधित भी कर सकते हैं।
इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से होगी, जिसमें मातृशक्ति की विशेष भागीदारी रहेगी। बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर मंदिर परिसर तक पहुंचेंगी। यह कलश यात्रा काशी की जीवंत धार्मिक परंपरा और आस्था का प्रतीक मानी जा रही है। आयोजकों के अनुसार, यात्रा को भव्य और अनुशासित बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम को लेकर काशी के संत-महात्माओं, विद्वानों और समाज के प्रबुद्ध वर्ग में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जगद्गुरु के स्वागत के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। इस अवसर पर काशी विद्वत परिषद के पदाधिकारी सहित कई प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक हस्तियां मौजूद रहेंगी, जिससे आयोजन का महत्व और बढ़ जाएगा।
विशेष बात यह है कि इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों शिक्षा, सेवा, संस्कृति और सामाजिक कार्य में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 108 प्रतिभाशाली व्यक्तियों को जगद्गुरु शंकराचार्य द्वारा सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण होगा।
मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि जीर्णोद्धार कार्य केवल भवन के पुनर्निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मंदिर की प्राचीनता और धार्मिक गरिमा को संरक्षित रखते हुए उसे आधुनिक सुविधाओं से भी सुसज्जित किया जाएगा। इसका उद्देश्य काशी की सांस्कृतिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और अधिक आकर्षक बनाना है।
ट्रस्ट ने काशीवासियों और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर पुण्य के भागीदार बनें। प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. संजीव राय, रवि प्रताप सिंह, उत्कर्ष श्रीवास्तव, नवीन श्रीवास्तव, हरीश वालिया, ज्ञानेश्वर जायसवाल, दिलीप मिश्रा, आनंद भगत, अमित त्रिपाठी, डॉ. कमलेश तिवारी और डॉ. शिशिर मालवीय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

