पारिवारिक विवाद में चली गोली, रिवाल्वर छीनने के दौरान फायरिंग, पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से बेटे को लगी गोली, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के ककरमत्ता स्थित न्यू कॉलोनी लोहित रेजिडेंसी में शुक्रवार दोपहर पारिवारिक विवाद के दौरान पिता-पुत्र के बीच मारपीट हो गई। इसी दौरान रिवाल्वर छीनने के प्रयास में गोली चल गई, जो 32 वर्षीय प्रवीण कुमार सिंह के दाहिने हाथ में जा लगी। गोली लगने से घायल प्रवीण को पुलिस ने ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
घटना के बाद प्रवीण के पिता सेवानिवृत्त जेई बिंदा कुमार सिंह महमूरगंज पुलिस चौकी पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रवीण को अस्पताल पहुंचाया। भेलूपुर इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह के अनुसार, घटना के समय घर में बिंदा सिंह, उनकी पत्नी और बड़ा बेटा प्रवीण मौजूद थे।
पुलिस के मुताबिक, किसी पारिवारिक बात को लेकर पिता-पुत्र में विवाद हुआ और देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान बिंदा सिंह की रिवाल्वर छीनने के प्रयास में गोली चल गई और प्रवीण के दाहिने हाथ में लग गई। घटना के बाद पुलिस ने बिंदा सिंह को रिवाल्वर समेत हिरासत में ले लिया।

पारिवारिक विवाद के कारणों की जांच
पुलिस के अनुसार, घटना को लेकर पिता और पुत्र फिलहाल स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता रहे हैं। पुलिस ने रिवाल्वर कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही गोली किन परिस्थितियों में चली और विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि बिंदा सिंह के दोनों बेटों की अभी शादी नहीं हुई है। इसको लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। प्रवीण पढ़ाई पूरी करने के बाद फिलहाल घर पर ही रहता है और उसके पास नौकरी नहीं है। वहीं, बिंदा सिंह का छोटा बेटा 30 वर्षीय अमित सिंह अरुणाचल प्रदेश में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) में कार्यरत है।

