दालमंडी सड़क चौड़ीकरण के लिए ध्वस्तीकरण के दौरान मकान से गिरा पत्थर, दुकानदार की मौत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान बुधवार को दर्दनाक हादसा हुआ। एक पुराने मकान के ऊपरी हिस्से से भारी पत्थर गिरने से नीचे खड़े बैग दुकानदार परवेज खान उर्फ चुन्नू (54) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दालमंडी स्थित मरियम अस्पताल गली के नुक्कड़, जजीरा शाह मस्जिद के पास सीके-67/21 मकान का ध्वस्तीकरण चल रहा था। इसी बीच मकान के ऊपरी हिस्से से पत्थर गिरा और बैग दुकानदार परवेज खान उर्फ चुन्नू के सिर में जा लगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। एडीएम सिटी, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने ट्रॉमा सेंटर जाकर मामले की जानकारी ली। 

उधर, डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this story