वाराणसी में शिक्षामित्र सम्मान समारोह: बढ़े मानदेय पर वितरित हुए चेक, गोरखपुर के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षामित्रों के लिए मंगलवार को गिरिजा देवी संकुल, चौकाघाट में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीक स्वरूप चेक वितरित किए गए और उनके योगदान को सराहा गया। कार्यक्रम के साथ ही योगी आदित्यनाथ के मुख्य आतिथ्य में गोरखपुर स्थित गुरु गम्भीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा।

123

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव तथा जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।

इस अवसर पर श्रम मंत्री अनिल राजभर ने शिक्षामित्रों और शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि वे देश के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानदेय में वृद्धि का निर्णय शिक्षामित्रों के मनोबल को मजबूत करेगा और उन्हें और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

123

वहीं मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार हो रहा है और शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि उनके सम्मान और आत्मसम्मान से जुड़ा अहम निर्णय है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

एमएलसी धर्मेंद्र सिंह ने इसे शिक्षामित्रों के लिए प्रेरणादायक कदम बताया, जबकि विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में शिक्षामित्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षामित्रों को डमी चेक वितरित कर सम्मानित किया गया, जिससे उनके बीच उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की प्रस्तुति भी दी गई, जिसने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, बीजेपी शहर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, अदिति पटेल, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, एडी बेसिक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव सहित विभिन्न विकास खंडों के अधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।

Share this story