शारदीय नवरात्र : दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी के दरबार में उमड़े श्रद्धालु, तप, संयम और आत्मबल की होती है प्राप्ति

123
WhatsApp Channel Join Now

दुर्गा घाट स्थित प्राचीन मंदिर में भक्तों ने किया दर्शन-पूजन, परिवार की सुख-समृद्धि और देश में शांति की मांगी कामना

वाराणसी। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को काशी के दुर्गा घाट स्थित मां ब्रह्मचारिणी देवी के प्राचीन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मां के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। भक्तों ने मां ब्रह्मचारिणी के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की प्राप्ति और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।

123

काशी में नवरात्र के नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के दर्शन-पूजन का विशेष धार्मिक महत्व है। इसी परंपरा के तहत दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की जाती है। मान्यता है कि मां ब्रह्मचारिणी की आराधना से साधकों को तप, संयम और आत्मबल की प्राप्ति होती है। श्रद्धालु मां के दर्शन कर सुख, शांति, धन-धान्य और समृद्धि का आशीर्वाद मांगते हैं।

123

काशी के उत्तर दिशा में गंगा तट के समीप दुर्गा घाट पर स्थित मां ब्रह्मचारिणी का मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्र के दूसरे दिन यहां वाराणसी के साथ ही आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। व्रत रखने वाले श्रद्धालु विधि-विधान से पूजन कर मां को अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं।

123

तपस्या और साधना की प्रतीक हैं मां ब्रह्मचारिणी
मंदिर के पुजारी पंडित राजेश ने बताया कि पुराणों के अनुसार मां ब्रह्मचारिणी देवी तपस्या और साधना की प्रतीक हैं। ‘ब्रह्म’ का अर्थ तपस्या तथा ‘चारिणी’ का अर्थ आचरण करने वाली है। इसी कारण देवी के इस स्वरूप को ब्रह्मचारिणी कहा जाता है। नवरात्र के दूसरे दिन मां की पूजा का विशेष महत्व है। भक्त सच्चे मन से मां की आराधना कर अपने जीवन में सुख-समृद्धि, यश और कीर्ति की कामना करते हैं।

123

मंदिर में दर्शन-पूजन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि मां ब्रह्मचारिणी के प्रति उनकी गहरी आस्था है। भक्तों ने अपने परिवार के सभी सदस्यों के कल्याण के साथ देश में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। नवरात्र के चलते मंदिर और आसपास के क्षेत्र में पूरे दिन धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।

Share this story