रविदास पार्क के पास सीवर का पानी सड़क पर फैला, दुर्गंध और फिसलन से लोग परेशान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लंका क्षेत्र के सिर गोवर्धन स्थित संत रविदास पार्क के समीप मुख्य सड़क पर सीवरयुक्त गंदा पानी बहने से स्थानीय लोगों और राहगीरों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क पर जमा गंदे पानी और बदबू के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है, जबकि स्थानीय नागरिक नगर निगम की कार्यशैली पर नाराजगी जता रहे हैं।

123

नाले और सीवर लाइन के ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी मुख्य सड़क तक पहुंच गया है। सड़क पर कई जगह पानी जमा होने से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फिसलन की वजह से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है और लोग जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करने को मजबूर हैं। वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।

123

स्थानीय दुकानदारों और निवासियों का कहना है कि सीवर का पानी लगातार बहने से पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैल रही है। गर्मी के मौसम में स्थिति और खराब हो गई है, जिससे आसपास रहना मुश्किल हो रहा है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभाग स्थायी समाधान निकालने में विफल साबित हुआ है।

123

क्षेत्रीय नागरिकों के अनुसार यह समस्या नई नहीं है। नाला और नालियों की नियमित सफाई नहीं होने तथा जल निकासी व्यवस्था कमजोर होने के कारण हल्की सी ओवरफ्लो की स्थिति में भी सड़क पर गंदा पानी भर जाता है। बरसात के दिनों में हालात और गंभीर हो जाते हैं, जिससे पूरे इलाके में जलभराव की स्थिति बन जाती है।

 

सिर गोवर्धन क्षेत्र धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। संत शिरोमणि गुरु रविदास से जुड़े इस स्थल पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु देश-विदेश से पहुंचते हैं। क्षेत्र के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर सड़क, नाला, नाली, इंटरलॉकिंग और अन्य निर्माण कार्य कराए गए थे, लेकिन इसके बावजूद मूलभूत समस्याएं खत्म नहीं हो सकीं।

 

स्थानीय लोगों ने नगर निगम और जलकल विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द सीवर लाइन और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बरसात के मौसम में हालात और बिगड़ सकते हैं। साथ ही गंदगी और सीवर के पानी से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।

Share this story