रविदास पार्क के सामने सीवर का पानी बना मुसीबत, गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे राहगीर

WhatsApp Channel Join Now

संत रविदास जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में सड़क की बदहाली से श्रद्धालु, स्कूली बच्चे और मरीजों के तीमारदार परेशान

वाराणसी। संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में रविदास मंदिर के समीप बने भव्य रविदास पार्क के सामने सड़क की बदहाली लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर लंबे समय से सीवर का गंदा पानी जमा होने से जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। गंदे पानी में गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण दोपहिया वाहन सवार, ई-रिक्शा चालक, साइकिल सवार और स्कूली बच्चे आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

123

स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क की वास्तविक स्थिति पानी जमा होने के कारण दिखाई नहीं देती। वाहन लेकर गुजरने वाले लोग अचानक गड्ढों में फंस जाते हैं। कई बार राहगीरों के कपड़े और जूते गंदे पानी में खराब हो जाते हैं। स्कूली बच्चों को भी इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। लगातार सीवर का पानी जमा रहने से आसपास दुर्गंध के साथ संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है।

123

सीवर के पानी में बैठकर जताया था विरोध
समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अमन यादव ने कुछ समय पूर्व सड़क पर जमा सीवर के पानी में बैठकर स्नान करते हुए विरोध दर्ज कराया था। इसके बाद पानी निकालने के लिए पंप भी लगाया गया, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे समस्या पूरी तरह दूर नहीं हुई। पंप लगाए जाने के बावजूद सड़क पर गंदा पानी जमा है और लोगों को उसी के बीच से आवागमन करना पड़ रहा है।

123

हजारों लोगों का प्रतिदिन आवागमन
सीर गोवर्धनपुर का यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है। रविदास मंदिर और पार्क के अलावा आसपास कई विद्यालय हैं। वहीं काशी हिंदू विश्वविद्यालय, सुंदरलाल चिकित्सालय और ट्रॉमा सेंटर की ओर जाने वाले लोग भी इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति से आम राहगीरों के साथ मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी हो रही है।

123

स्थानीय निवासी अशोक कुमार ने बताया कि आसपास चार से पांच छोटे बच्चों के विद्यालय हैं। रोजाना बड़ी संख्या में बच्चे इस रास्ते से स्कूल जाते हैं। गड्ढों और गंदे पानी के कारण बच्चों के गिरने का खतरा बना रहता है।

123

शिकायतों के बाद भी स्थायी समाधान नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क और सीवर की समस्या की जानकारी क्षेत्रीय पार्षद, विधायक, महापौर और नगर आयुक्त समेत संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों ने प्रशासन से तत्काल सीवर का पानी निकलवाने, गड्ढों की मरम्मत कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि रविदास जयंती पर यहां लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए समय रहते समस्या दूर नहीं हुई तो उन्हें भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

123

123

123

123

123

Share this story