सीवर से बोरा निकलने का मामला : नौ दिन बाद भी नहीं हुई गिरफ्तारी, अजय राय ने सरकार और प्रशासन पर उठाए सवाल, सीसीटीवी फुटेज मांगा
वाराणसी। शिवाला क्षेत्र के अग्रवाल रेडियो चौराहे पर सीवर के अंदर बोरा मिलने के मामले में नौ दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए। शिवाला पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की और सीवर, जलनिकासी व जलभराव की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने सरकार से घटनास्थल के आसपास लगे स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सार्वजनिक करने और मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग की।
अजय राय ने कहा कि जलकल विभाग की ओर से तहरीर दिए जाने के बावजूद अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सीवर में बोरा किसने डाला। घटनास्थल के आसपास कैमरे लगे हैं। ऐसे में फुटेज की जांच कर बोरा डालने वालों की पहचान की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने जानबूझकर ऐसा किया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, किसी पर लगाए गए आरोप गलत हैं तो इसकी वास्तविकता भी सामने आनी चाहिए।

नौ दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि घटना के नौ दिन बाद भी न तो आरोपियों की पहचान सार्वजनिक हुई और न ही गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। उन्होंने सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच कर मामले का पर्दाफाश किया जाना चाहिए। जनता को पूरे प्रकरण की सच्चाई जानने का अधिकार है।
सीवर और जलभराव की समस्याओं पर घेरा
अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री के काशी आगमन पर हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं और विकास कार्यों के दावे किए जाते हैं, लेकिन शहर के कई इलाकों में लोग सीवर, जलभराव, गंदगी और खराब सड़कों जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र, प्रदेश और नगर निगम में भाजपा की सरकार होने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं को लेकर जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिवाला का संबंधित क्षेत्र कैंट विधानसभा में आता है। लंबे समय से भाजपा के प्रतिनिधित्व के बावजूद यदि लोगों को मूलभूत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है तो जनप्रतिनिधियों को जवाब देना चाहिए।
भाजपा पर लगाए आरोप
अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी नाकामी छिपाने के लिए जनता को भ्रमित कर रही है। उन्होंने बोरा मिलने की घटना को भाजपा के किसी आयोजन की साजिश से जोड़ने का दावा किया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
संसदीय कार्यालय घेरने की चेतावनी
अजय राय ने कहा कि यदि मामले की सच्चाई सामने नहीं आई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय का घेराव कर जवाब मांगेंगे। उन्होंने निष्पक्ष जांच, सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अंसारी, चंचल शर्मा, प्रवीण प्रकाश, सुनील श्रीवास्तव, संतोष चौरसिया सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

