वाराणसी में सीवर-पेयजल कार्यों की CCTV से होगी निगरानी, 16 सितंबर से चार वार्डों में शुरू होगा काम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर के 22 प्रभावित वार्डों में होने वाले सीवर और पेयजल पाइपलाइन के काम की अब सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। कार्यस्थलों पर लगाए जाने वाले कैमरों को स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम और नगर निगम से जोड़ा जाएगा। मंगलवार को सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

महापौर ने जंगमवाड़ी, शिवाला, नगवा और बंगाली टोला वार्ड में 16 सितंबर से हर हाल में सीवर एवं पेयजल पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू करने का निर्देश दिया है। इन चारों वार्डों में परियोजना के लिए भूमि पूजन हो चुका है।

हर साइट पर लगेगा कैमरा, रोज देना होगा काम का हिसाब

बैठक में महापौर ने कहा कि सीवर और पेयजल लाइन बिछाने के काम में किसी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन साइटों पर निर्माण कार्य चलेगा, वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों के जरिए संबंधित अधिकारी कार्य की प्रगति पर सीधे नजर रख सकेंगे।

जल निगम को मेन लाइन और ब्रांच लाइन के काम का पूरा विवरण देने के साथ प्रतिदिन का लक्ष्य तय करने और उसकी प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य काम की गुणवत्ता और समयबद्धता की निगरानी करना है।

ं

ं

ं

Share this story