भेलूपुर में 78.26 करोड़ से सुधरेगा सीवर-पेयजल नेटवर्क, 17 किमी बिछेगी नई पाइपलाइन

WhatsApp Channel Join Now

मेयर और विधायक ने भूमि पूजन कर शुरू कराया निर्माण कार्य, 70 साल पुरानी समस्या के स्थायी समाधान का दावा

वाराणसी। भेलूपुर वार्ड में सीवर जाम, ओवरफ्लो और पेयजल की समस्या से निजात दिलाने के लिए 78.26 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का बुधवार को शुभारंभ किया गया। रामलीला मैदान, गांधी चौक (खोजवां बाजार) में आयोजित कार्यक्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी और कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव की उपस्थिति में भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू कराया गया। परियोजना के तहत क्षेत्र में 17 किलोमीटर लंबी सीवर और पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। साथ ही गृह संयोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

नगर निगम के अनुसार, भेलूपुर वार्ड संख्या 51 में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्य परियोजना पर 72.71 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत सीवर और पेयजल नेटवर्क का विस्तार एवं सुधार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 4.55 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण तथा एक करोड़ रुपये से मिनी नलकूप और रीबोर के कार्य कराए जाएंगे। इन सभी परियोजनाओं को मिलाकर कुल 78.26 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू किए गए हैं।

123

सीवर ओवरफ्लो और जलापूर्ति की समस्या से मिलेगी राहत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से काशी में विकास कार्यों को गति मिल रही है। पुराने वार्डों में सीवर और पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं।उन्होंने कहा कि भेलूपुर क्षेत्र में नई सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछने से लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा। करीब 70 वर्षों से चली आ रही समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना पूरी होने के बाद सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या से राहत मिलने के साथ ही घरों तक शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।


निर्माण के दौरान नागरिकों से सहयोग की अपील
महापौर ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों को कुछ महीनों तक आवागमन में अस्थायी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील की। नगर निगम का कहना है कि परियोजनाओं का उद्देश्य पुराने वार्डों में जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना और नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद रीता देवी, अशोक मौर्य, श्याम आसरे मौर्य, नामित पार्षद संजीव चौरसिया, पूर्व पार्षद अशोक मिश्रा, अशोक सेठ, नवनीत पांडेय ‘अतुल’ सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा पुन्नु बिंद, राहुल सिंह, सरदार बलवंत, राजेश केशरी, रामजी गुप्ता, हरिका नाथ केशरी, कल्याण जी, जितेंद्र सोनकर, शिवनारायण पांडेय ‘बबलू’, अनिल, रामेश्वर गुप्ता और चंद्रशेखर गुप्ता समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this story