सात अक्टूबर को काशी पहुंचेगी सेवा संकल्प बाइक यात्रा, अमित शाह करेंगे स्वागत

WhatsApp Channel Join Now

वडनगर से गुजरात की नदियों का जल लेकर आएंगे सेवा यात्री, बाबा विश्वनाथ का करेंगे जलाभिषेक

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र  मोदी के 76वें जन्मदिन पर काशी और गुजरात के वडनगर से शुरू हुई सेवा संकल्प बाइक यात्रा का समापन 7 अक्टूबर को होगा। वडनगर से काशी पहुंचने वाले सेवा यात्रियों का केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्वागत करेंगे। यात्रा में शामिल युवा गुजरात की नदियों का जल लेकर आएंगे, जिससे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर भाजपा की क्षेत्रीय इकाई ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

सेवा यात्रियों के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी और प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा भी मौजूद रहेंगे। भाजपा की क्षेत्रीय इकाई के अनुसार, एनडीए के एक अन्य वरिष्ठ नेता को भी कार्यक्रम में आमंत्रित करने पर विचार चल रहा है। जल्द ही उनके नाम पर निर्णय लिया जाएगा।

जिले की सीमा से विश्वनाथ धाम तक होगा स्वागत
वडनगर से आने वाले सेवा यात्रियों के वाराणसी जिले में प्रवेश करते ही स्वागत शुरू हो जाएगा। विभिन्न स्थानों पर स्वागत के बाद यात्रा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी। इसके लिए स्वागत स्थल निर्धारित किए जा रहे हैं। प्रत्येक स्वागत स्थल पर राज्यमंत्री और विधायकों की तैनाती की जाएगी। स्वागत कार्यक्रम की अगुवाई मंत्री और विधायक करेंगे।


17 सितंबर को दोनों दिशाओं से रवाना हुई थीं यात्राएं
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 17 सितंबर को काशी और वडनगर से एक साथ सेवा संकल्प बाइक यात्राएं रवाना की गई थीं। काशी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 250 बाइक पर सवार 500 युवाओं को हरी झंडी दिखाकर वडनगर के लिए रवाना किया था। वहीं, वडनगर से काशी आने वाली यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल समेत अन्य नेताओं ने रवाना किया था। 

काशी से वडनगर जाने वाली यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1159 गांवों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान स्वच्छता, पौधरोपण और जल संरक्षण समेत 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां की जा रही हैं। दोनों यात्राएं करीब 20 दिन के सफर के बाद 7 अक्टूबर को अपने गंतव्य पर पहुंचेंगी।

Share this story