डाला छठ पर गंगा घाटों से तालाबों तक सुरक्षा का घेरा, एनडीआरएफ की 9 टीमें रहेंगी मुस्तैद

WhatsApp Channel Join Now

योगी सरकार के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष तैयारी, आधुनिक बचाव उपकरणों से लैस रहेंगी टीमें

वॉटर एम्बुलेंस, मोटर बोट और प्रशिक्षित गोताखोरों की मदद से आपात स्थिति में तत्काल मिलेगी राहत

वाराणसी के साथ चंदौली और गोरखपुर में भी तैनात रहेंगी एनडीआरएफ की टीमें

छठ पर्व पर आठ प्रमुख घाटों और सरोवरों पर अग्निशमन कर्मियों की विशेष ड्यूटी, आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग अलर्ट

वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ पर गंगा घाटों, कुंडों, तालाबों और जलाशयों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए योगी सरकार ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। अस्ताचलगामी और उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने के लिए 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें विभिन्न घाटों, कुंडों और तालाबों पर तैनात रहेंगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए इन टीमों को आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों, वॉटर एम्बुलेंस, मोटर बोट और प्रशिक्षित गोताखोरों से लैस किया गया है। वहीं, अग्निशमन विभाग ने भी मोर्चा संभाल लिया है। शहर के आठ प्रमुख घाटों और सरोवरों पर अग्निशमन कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।

123

गंगा घाटों से प्रमुख जलाशयों तक रहेगी एनडीआरएफ की निगरानी

छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एनडीआरएफ ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ के कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट ने बताया कि वाराणसी के गंगा घाटों के अलावा बनारस रेल इंजन कारखाना (बीएलडब्ल्यू) स्थित सूर्य सरोवर और शिवपुर के गणेश पोखरा पर भी बचाव दल तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही चंदौली और गोरखपुर जनपदों में भी एनडीआरएफ की टीमें मुस्तैद रहेंगी। इसके लिए करीब नौ टीमों की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक टीम में 30 प्रशिक्षित बचावकर्मी शामिल होंगे। जरूरत पड़ने पर टीमों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।

123

आधुनिक उपकरणों से लैस होंगी बचाव टीमें

कमांडिंग ऑफिसर ने बताया कि सभी टीमों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें रेस्क्यू मोटर बोट, वॉटर एम्बुलेंस, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य जीवनरक्षक उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा प्रशिक्षित गोताखोरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भी तैनाती रहेगी। इनकी मदद से जलाशयों में डूबने जैसी घटनाओं की स्थिति में तत्काल बचाव अभियान चलाया जा सकेगा। साथ ही जरूरतमंदों को प्राथमिक चिकित्सा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

123

एनडीआरएफ मुख्यालय में 24 घंटे सक्रिय रहेगा बचाव दल

वाराणसी के प्रमुख घाटों और जलाशयों के साथ-साथ एनडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय में भी 24 घंटे बचाव दल और जरूरी उपकरण तैयार रहेंगे। आसपास के क्षेत्रों में किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलने पर यहां से तत्काल सहायता भेजी जा सकेगी।

आठ प्रमुख घाटों और सरोवरों पर अग्निशमन कर्मियों की ड्यूटी

छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। घाटों और सरोवरों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने और आगजनी की घटनाओं पर नियंत्रण पाने के लिए शहर के आठ प्रमुख घाटों और सरोवरों पर अग्निशमन कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। यहां तैनात फायर फाइटर्स श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर नजर रखेंगे और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करेंगे।

123

इन आठ स्थानों पर रहेगी अग्निशमन कर्मियों की ड्यूटी

1. लाट भैरव
2. मार्कण्डेय महादेव
3. चितरंजन पार्क
4. दशाश्वमेध घाट
5. वरुण ब्रिज एवं शास्त्री घाट
6. सूर्य सरोवर
7. अस्सी घाट
8. शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर

सुरक्षा के लिए विभागों के बीच समन्वय

एनडीआरएफ के कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। एनडीआरएफ की टीमें छठ महापर्व के दौरान पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में सूर्योपासना का पर्व मना सकें।

अनूप सिंह बिष्ट
कमांडिंग ऑफिसर, 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ

BK Pathak
BK Pathak

21733 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story