गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, बिना लाइफ जैकेट नाव संचालन पर सख्ती के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं नोडल जल पुलिस ने बुधवार को सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली तथा प्रभारी निरीक्षक जल पुलिस के साथ गंगा नदी के विभिन्न घाटों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

123

निरीक्षण के दौरान घाटों पर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित स्नान के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने विशेष रूप से उन लोगों को चेतावनी दी जो निर्धारित जेटी और सुरक्षित क्षेत्रों से बाहर जाकर गंगा में स्नान कर रहे थे। उन्हें बताया गया कि गहरे पानी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में स्नान करना जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे में सभी लोगों से केवल चिन्हित और सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने की अपील की गई।

123

अधिकारियों ने गंगा में संचालित नावों की भी गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान कुछ नाविक बिना लाइफ जैकेट के नाव संचालन करते पाए गए, जिस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी नाव संचालकों को सख्त हिदायत दी गई कि प्रत्येक यात्री को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए ही नौका संचालन करें।

अपर पुलिस उपायुक्त एवं नोडल जल पुलिस ने जल पुलिस कर्मियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों तथा नदी क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखें। किसी भी प्रकार की लापरवाही, असुरक्षित गतिविधि या नियमों के उल्लंघन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि गंगा स्नान और नौका विहार के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त करें। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग और सतर्कता से ही घाटों पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

Share this story