नागर विमानन विभाग के सचिव ने एयरपोर्ट का लिया जायजा, नए कार्गो टर्मिनल परियोजना की समीक्षा, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नागर विमानन विभाग के सचिव एसके सिन्हा ने डीजीसीए के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चल रहे एयरपोर्ट विस्तार कार्यों और प्रस्तावित नई कार्गो टर्मिनल परियोजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एयरपोर्ट परिसर में विभिन्न निर्माण स्थलों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।

बैठक में विस्तार परियोजना से जुड़े सभी विभागों के एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता मानकों से किसी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि डीजीसीए के सुरक्षा और तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से आधुनिक कार्गो टर्मिनल निर्माण, रनवे क्षमता विस्तार, यात्री सुविधाओं में वृद्धि और सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की योजनाओं की जानकारी दी। प्रशासनिक समन्वय, भूमि उपलब्धता, सुरक्षा प्रबंधन तथा आधारभूत ढांचे से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि विस्तारीकरण का कार्य चरणबद्ध ढंग से आगे बढ़ रहा है। नई कार्गो टर्मिनल के शुरू होने से क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और निर्यात-आयात गतिविधियों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जा रहे हैं। 

समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सतेंद्र कुमार, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, एयरपोर्ट प्रशासन के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share this story