रिंग रोड संदहा में अवैध बालू मंडी पर एसडीएम ने मारा छापा, 68 वाहन सीज, मचा हड़कंप
वाराणसी। रिंग रोड संदहा चौराहा के पास लंबे समय से संचालित हो रही अवैध बालू मंडी पर बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम सदर नितिन सिंह के नेतृत्व में खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर कुल 68 वाहनों को सीज कर दिया। इनमें 46 ट्रैक्टर और 22 ट्रक शामिल हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
एसडीएम सदर नितिन सिंह ने बताया कि संंदहां क्षेत्र में बिना अनुमति के अवैध रूप से बालू मंडी का संचालन किया जा रहा था, जिसके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि मामले में संबंधित भू-स्वामी को भी नोटिस जारी किया जाएगा, जिनकी भूमि पर यह अवैध गतिविधि संचालित हो रही थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और भंडारण पर किसी भी स्थिति में सख्ती जारी रहेगी।

छापेमारी के दौरान खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा, एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना तथा चौबेपुर थानाध्यक्ष बीरेंद्र सोनकर पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। टीम ने पूरे क्षेत्र की जांच कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी यदि कहीं अवैध बालू भंडारण या मंडी का संचालन पाया गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

