स्कॉर्पियो सवारों ने स्कूल बस रोककर की मारपीट, बस में तोड़फोड़, छात्राओं से बदसलूकी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में बीएचयू के छित्तूपुर गेट के पास स्कॉर्पियो सवार लोगों पर स्कूल बस रोककर मारपीट, तोड़फोड़ और छात्राओं से बदसलूकी करने का आरोप लगा है। घटना में बस के शीशे टूटने से चार से पांच छात्राएं घायल हो गईं। आरोप है कि हमलावरों ने पिस्टल दिखाकर बस के कंडक्टर को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाया और मोबाइल छीनकर जान से मारने की धमकी दी। मामले में कंडक्टर की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण, रंगदारी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, गोपी राधा बालिका इंटर कॉलेज की बस 14 अगस्त की दोपहर करीब डेढ़ बजे लगभग 40 छात्राओं को विद्यालय छोड़कर लौट रही थी। बस छित्तूपुर गेट के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से बस की रगड़ हो गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार लोगों ने बस को रोक लिया।

बस में की तोड़फोड़, छात्राएं घायल
कंडक्टर सतीश यादव की तहरीर के मुताबिक, स्कॉर्पियो सवार चालक और राजवीर सिंह ने बस चालक रविशंकर राय और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान बस में तोड़फोड़ करते हुए शीशे तोड़ दिए गए। टूटे शीशे की चपेट में आने से चार-पांच छात्राएं घायल हो गईं। अचानक हुई घटना से छात्राओं में दहशत फैल गई।

पिस्टल दिखाकर मोबाइल छीनने का आरोप
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हमलावर कंडक्टर सतीश यादव को जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर ले गए। पिस्टल दिखाकर उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों के विद्यालय परिसर तक पहुंचने और वहां स्टाफ के साथ गाली-गलौज करने की बात भी तहरीर में कही गई है।

कंडक्टर ने आरोप लगाया कि विद्यालय के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज कमलाकांत यादव को भी जबरन अपने साथ ले जाया गया। इसके बाद स्कॉर्पियो की मरम्मत के नाम पर उनसे 7200 रुपये का भुगतान कराया गया।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद लंका पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर राजकुमार के मुताबिक, कंडक्टर की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस छित्तूपुर गेट, विद्यालय परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this story