बारिश के चलते वाराणसी में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 3 सितंबर को बंद, शिक्षकों को जाना होगा विद्यालय
वाराणसी। जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए 3 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी संबंधित विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार जिले के परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, आईसीएसई, सीबीएसई और अन्य बोर्ड से संबंधित कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में 3 सितंबर को अवकाश रहेगा। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
शिक्षकों और कर्मचारियों को विद्यालय आना होगा
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। परिषदीय विद्यालयों के सभी शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान उन्हें अपार, डीबीटी, यू-डायस और अन्य विभागीय कार्य पूरे करने होंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।


