भीषण गर्मी को देखते हुए बढ़ी स्कूलों की छुट्टियां, शिक्षा विभाग का आया आदेश
वाराणसी/लखनऊ। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। शासन ने प्राथमिक, उच्च प्राथमिक तथा माध्यमिक विद्यालयों में चल रही ग्रीष्मकालीन छुट्टियों की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब प्रदेश के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालय 15 जून के बजाय 25 जून से खुलेंगे।
नए आदेश के अनुसार विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश 20 मई से 24 जून तक प्रभावी रहेगा। इससे पहले विद्यालयों को 15 जून से खोलने की तैयारी थी, लेकिन लगातार पड़ रही गर्मी और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए छुट्टियों को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा अन्य विद्यालयी कर्मचारी भी 21 जून तक अवकाश पर रहेंगे। हालांकि 22 जून से सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को विद्यालयों में उपस्थित होकर शैक्षणिक और प्रशासनिक तैयारियां पूरी करनी होंगी, ताकि 25 जून से नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन शुरू किया जा सके।
इसी क्रम में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। विभाग ने निर्देश दिया है कि योग दिवस पर शिक्षक एवं छात्र सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेंगे और योग के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

