सावन 2026 : श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष इंतजाम, 6 गेट से एंट्री, AI और ड्रोन से निगरानी, VVIP दर्शन पर रोक
वाराणसी। सावन माह में बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। धाम में प्रवेश के लिए छह द्वार निर्धारित किए गए हैं, जबकि पूरे सावन माह में वीवीआईपी दर्शन की व्यवस्था स्थगित रहेगी, ताकि आम श्रद्धालुओं को बिना किसी व्यवधान के दर्शन का अवसर मिल सके।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि सावन, कुंभ और अन्य बड़े आयोजनों के लिए पहले से तैयार मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं। इसी के अनुरूप इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि काशीवासियों के लिए एक विशेष प्रवेश द्वार की व्यवस्था की गई है, जो पूरे दिन खुला रहेगा। हालांकि सावन के सभी सोमवार को यह सुविधा बंद रहेगी।
उन्होंने बताया कि धाम में श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए छह द्वारों का उपयोग किया जाएगा। भीड़ प्रबंधन के लिए जिगजैग बैरिकेडिंग, प्रभावी क्राउड कंट्रोल, सार्वजनिक घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम), खोया-पाया केंद्र तथा स्वास्थ्य सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। धाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित प्रणाली से की जाएगी। इसके लिए 2575 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही काशी के 45 प्रमुख चौराहों और कांवड़ मार्गों की भी लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे खाली पेट दर्शन के लिए कतार में न लगें, क्योंकि अधिक भीड़ के कारण दर्शन में समय लग सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मोबाइल फोन, पेन, कैमरे वाले चश्मे और प्लास्टिक की वस्तुएं धाम परिसर में प्रतिबंधित हैं। श्रद्धालु इन वस्तुओं को अपने ठहरने के स्थान पर ही छोड़कर दर्शन के लिए आएं।
अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने बताया कि सावन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया जा चुका है और शिविरों, पार्किंग स्थलों, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। जोनल एवं सेक्टर व्यवस्था लागू रहेगी, जबकि सादे वेश में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि आपराधिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है और एआई सहित आधुनिक तकनीकों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। साथ ही निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

