सावन 2026 : काशी विश्वनाथ धाम में इन 7 मार्गों से मिलेगा प्रवेश, 80 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सावन माह-2026 में श्री काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए इस बार प्रवेश व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित बनाया गया है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए सात प्रमुख प्रवेश मार्ग निर्धारित किए हैं, जिनके माध्यम से बाबा के दर्शन कराए जाएंगे। सभी प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन की सुविधा मिल सके। इस वर्ष सावन के दौरान लगभग 70 से 80 लाख श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने का अनुमान है।

a

इन सात प्रवेश मार्गों से होगा श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्रवेश
मंदिर प्रशासन द्वारा जारी व्यवस्था के अनुसार श्रद्धालु निम्नलिखित सात प्रवेश मार्गों से श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्रवेश कर सकेंगे।

  • गेट नंबर-04
  • काशी द्वार मार्ग-4B
  • नंदूफेरिया प्रवेश द्वार
  • सिल्को गली प्रवेश मार्ग-4A
  • ढुंढीराज प्रवेश मार्ग
  • सरस्वती फाटक प्रवेश मार्ग
  • भैरव द्वार प्रवेश मार्ग

इन सभी मार्गों को भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिससे अलग-अलग दिशाओं से आने वाले श्रद्धालुओं का दबाव एक ही स्थान पर न पड़े और दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

पांच लाख वर्गमीटर क्षेत्र में होगी श्रद्धालुओं की आवाजाही
श्री काशी विश्वनाथ धाम और उससे जुड़े प्रवेश मार्गों का कुल क्षेत्रफल लगभग 5 लाख वर्गमीटर निर्धारित किया गया है। इतने बड़े क्षेत्र में बैरिकेडिंग, कतार प्रबंधन, सुरक्षा जांच और श्रद्धालुओं की आवाजाही की व्यवस्था की गई है, जिससे अत्यधिक भीड़ होने पर भी दर्शन प्रक्रिया प्रभावित न हो।

पिछले वर्ष 63 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए थे दर्शन
मंदिर प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार विगत वर्ष सावन माह के दौरान कुल 63,06,631 श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए थे। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। अनुमान है कि सावन-2026 में यह संख्या 70 से 80 लाख के बीच पहुंच सकती है, जो अब तक के सबसे बड़े आंकड़ों में शामिल होगी।

श्रद्धा, सेवा, सुरक्षा और सुगम दर्शन पर विशेष फोकस
इस वर्ष सावन व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को श्रद्धा, सेवा, सुरक्षा और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने दर्शन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले शिवभक्तों को बिना किसी परेशानी के बाबा विश्वनाथ के दर्शन का लाभ मिल सके।

हर प्रवेश मार्ग पर सुरक्षा जांच होगी अनिवार्य

मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्री काशी विश्वनाथ धाम के सभी प्रवेश मार्गों पर सुरक्षा जांच अनिवार्य रहेगी। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित प्रवेश मार्गों का ही उपयोग करें, सुरक्षा जांच में सहयोग करें तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, जिससे सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए जा सकें।

Share this story