श्री काशी विश्वनाथ धाम के नए सीईओ सत्यम मिश्रा ने बाबा विश्वनाथ व कालभैरव का दर्शन कर संभाला पदभार, बोले-श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सत्यम मिश्र ने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान मंदिर न्यास और विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पदभार ग्रहण करने से पूर्व सत्यम मिश्र ने सपरिवार काशी कोतवाल बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वह श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे और बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पदभार ग्रहण करने के बाद मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान उन्होंने सभी के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया।

123

सत्यम मिश्र ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे आपसी तालमेल के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ धाम की गरिमा के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता देने पर भी बल दिया। पदभार ग्रहण के अवसर पर मंदिर न्यास एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के संबंधित अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे।

Share this story