सारनाथ पुलिस ने केबल वायर चोरी करने वाले पांच चोरों को पकड़ा, वाहन और नकदी बरामद

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सारनाथ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केबल वायर चोरी की घटना का सफल अनावरण कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटना में प्रयुक्त वाहन तथा 14,500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस चोरों से पूछताछ के साथ ही विधिक कार्रवाई में जुटी रही। 

पुलिस के अनुसार, चोरी, लूट और नकबजनी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन एवं अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में थाना सारनाथ पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आनंद कुमार, रितेश पटेल, श्लोक कुमार, अजय कुमार बिंद तथा विक्की गुप्ता शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को मंगलवार सुबह लगभग 5:10 बजे सेंट मैरी स्कूल के पास सोना तालाब क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उनके पास से चोरी में इस्तेमाल वाहन और नगदी बरामद की गई।

पुलिस के मुताबिक, 18 मई को सोना तालाब स्थित एक स्टोर से लगभग 500 मीटर एबीसी केबल वायर से भरा ड्रम चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलने के बाद थाना सारनाथ में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अमरजीत कुमार द्वारा की जा रही थी।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सेंट मैरी स्कूल के पास स्थित क्षेत्र से एबीसी केबल का बंडल चोरी किया था। चोरी के बाद केबल को वाहन में लादकर विक्की गुप्ता को बेच दिया गया। आरोपियों ने बताया कि बिक्री से मिले पैसे उन्होंने अपनी जरूरतों में खर्च कर दिए, जबकि शेष रकम पुलिस ने बरामद कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 0258/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(a) और 317(2) के अंतर्गत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अमरजीत कुमार, अनुज कुमार, मुकेश पाल, रामअजोर समेत थाना सारनाथ की पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।

Share this story