सुसुवाही वार्ड में बारिश के बाद सफाई अभियान तेज, 11 स्थानों पर पंप से जलनिकासी

WhatsApp Channel Join Now

भगवती नगर और पंचायत भवन के आसपास विशेष सफाई, एंटी लार्वा दवा व ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव

वाराणसी। बारिश के बाद जलभराव और गंदगी की समस्या को देखते हुए सुसुवाही वार्ड नंबर 39 में विशेष सफाई एवं जलनिकासी अभियान तेज कर दिया गया है। सोमवार को भगवती नगर और पंचायत भवन के आसपास नगर निगम की टीम ने अभियान चलाकर कूड़ा-कचरा हटाया और जलभराव वाले स्थानों की सफाई कराई। वहीं, वार्ड के करीब 11 स्थानों पर पंप लगाकर पानी निकालने का काम कराया जा रहा है।

123

अभियान का नेतृत्व पार्षद सुरेश कुमार पटेल उर्फ गुड्डू पटेल ने किया। सफाई कर्मियों ने अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा कूड़े का निस्तारण कराया। जलभराव वाले क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन की आशंका को देखते हुए एंटी लार्वा दवा और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया जा रहा है।

123

पार्षद ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी जमा हो रहा है। इसे देखते हुए वार्ड में सफाई और जलनिकासी व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। करीब 11 स्थानों पर पंप लगाकर पानी निकाला जा रहा है। सफाई कर्मियों को भी जलभराव और गंदगी वाले स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

123

उन्होंने बताया कि मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त के निर्देश पर वार्ड में विशेष सफाई अभियान लगातार चलाया जा रहा है। प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई कर्मियों की टीम पहुंच रही है। स्थानीय लोगों की ओर से मिलने वाली शिकायतों के आधार पर भी तत्काल कार्रवाई कराई जा रही है।

123

पार्षद ने कहा कि नगर आयुक्त से वार्ड की समस्याओं को लेकर लगातार संवाद किया जा रहा है। लोगों को भी अपने घरों और आसपास कूड़ा जमा नहीं करने तथा जलनिकासी में बाधा नहीं डालने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंचायत भवन पर प्रतिदिन जनसुनवाई भी की जा रही है। यहां स्थानीय लोग अपनी समस्याएं दर्ज करा रहे हैं। संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है।

Share this story