पीएम मोदी के जन्मदिन पर जगमगाया संपूर्णानंद स्टेडियम, 10 हजार दीये जलाए
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर गुरुवार को काशी में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 10 हजार दीये जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। शाम ढलते ही दीपों की रोशनी से स्टेडियम जगमगा उठा।

नगर निगम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने पहला दीया प्रज्ज्वलित किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय पार्षदों और युवा खिलाड़ियों ने भी दीप जलाए। दीयों से प्रधानमंत्री के नाम की आकर्षक आकृतियां बनाई गईं। आयोजकों ने इसे प्रधानमंत्री के प्रति श्रद्धा और शुभकामनाएं व्यक्त करने का माध्यम बताया।

कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने खेल सुविधाओं के विकास और संपूर्णानंद स्टेडियम के कायाकल्प के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया। दीपोत्सव के दौरान बधाई के स्वर गूंजते रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी की। इस अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी नवीन सिंह, वॉलीबॉल संघ के सचिव सर्वेश पांडेय, साई के सहायक निदेशक सुधांशु द्विवेदी, कनाई चंद्रकला पत्ता, अतुल पांडेय, रोहित सिंह, कोच पूजा यादव, कोच आशीष, एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नीतिश सिंह और भाजपा नेता आत्मा विशेश्वर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






