संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं 28 मई से, 370 केंद्रों पर शामिल होंगे 35 हजार से अधिक परीक्षार्थी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की उत्तरमध्यमा, शास्त्री एवं आचार्य पाठ्यक्रमों की विभिन्न सेमेस्टर परीक्षाएं 28 मई 2026 से प्रारंभ होकर 9 जून 2026 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षाओं को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

विश्वविद्यालय परिसर स्थित परीक्षा विस्तार भवन से बुधवार को प्रदेश और प्रदेश के बाहर बनाए गए सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों एवं उनके प्रतिनिधियों को गोपनीय प्रपत्रों का थैला, सादी उत्तरपुस्तिकाएं तथा अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में केंद्राध्यक्ष और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सत्यापन समिति के सदस्य प्रो. महेंद्र पांडेय ने बताया कि कुल 370 परीक्षा केंद्रों के प्राचार्यों अथवा उनके प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर गोपनीय परीक्षा सामग्री प्राप्त की। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी केंद्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, दिल्ली, सिक्किम, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात सहित विभिन्न राज्यों में भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 35,175 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित होंगे।

उन्होंने बताया कि परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। इनमें उत्तरमध्यमा तथा शास्त्री द्वितीय, चतुर्थ और षष्ठ सेमेस्टर के साथ-साथ आचार्य द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की संस्थागत, व्यक्तिगत, भूतपूर्व, बैक, श्रेणी सुधार एवं एकविषयक परीक्षाएं शामिल हैं।

परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार ने कहा कि सभी केंद्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने तथा नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी पूरी क्षमता और संसाधनों के साथ परीक्षा को मर्यादित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा संचालन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या व्यवधान उत्पन्न न हो, इसके लिए जिला प्रशासन एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को पत्र भी भेजा गया है, ताकि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनी रहे।

Share this story