संपूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में योग पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन आवेदन, 5 जून तक मौका

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। संपूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए संचालित स्ववित्तपोषित योग पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी 5 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट ssvvonline.in के माध्यम से पूरी की जाएगी।

विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने बताया कि योग शास्त्री (बी.एड.), योग आचार्य (एम.एड.) तथा पीजी डिप्लोमा इन योग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र ऑनलाइन भरने के साथ निर्धारित शुल्क भी डिजिटल माध्यम से जमा करना होगा।

उन्होंने बताया कि योग शास्त्री पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए उत्तर मध्यमा अथवा इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना आवश्यक है। वहीं योग आचार्य एवं पीजी डिप्लोमा इन योग पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु स्नातक अथवा समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं नियमानुसार संचालित की जाएगी। प्रत्येक सेमेस्टर में अधिकतम 60 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही संस्कृत पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों के लिए आरक्षित सीटों की भी व्यवस्था की गई है।

प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने कहा कि विश्वविद्यालय योग शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को पारंपरिक भारतीय ज्ञान प्रणाली से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी इच्छुक विद्यार्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि प्रवेश से संबंधित किसी प्रकार की असुविधा न हो।

विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि योग शिक्षा के बढ़ते महत्व को देखते हुए इन पाठ्यक्रमों के प्रति विद्यार्थियों में लगातार रुचि बढ़ रही है और आने वाले समय में यह क्षेत्र रोजगार एवं शोध की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण साबित होगा।

Share this story