सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 370 केंद्रों पर शुरू, शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई पहले दिन की परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय एवं उससे सम्बद्ध महाविद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं गुरुवार, 28 मई से प्रारम्भ हो गईं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रदेश सहित अन्य राज्यों में बनाए गए कुल 370 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 35 हजार 175 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया। पहले दिन दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

विश्वविद्यालय परिसर स्थित परीक्षा भवन में भी परीक्षाएं आयोजित की गईं। केंद्राध्यक्ष डॉ. दुर्गेश पाठक ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में दोनों पालियों की परीक्षा पूरी शांति, अनुशासन और सुचिता के साथ सम्पन्न कराई गई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था देखने को नहीं मिली।

परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्राध्यक्षों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी केंद्र से अनियमितता या गड़बड़ी की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार केंद्रों की निगरानी कर रहा है। परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र वितरण, उपस्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। साथ ही केंद्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि परीक्षाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा के पहले दिन किसी भी केंद्र से अव्यवस्था या नकल की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया है।

Share this story