सम्पूर्ण समाधान दिवस : डीएम ने राजातालाब तहसील में सुनी लोगों की समस्या, त्वरित निस्तारण पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शासन की मंशा के अनुरूप जन-समस्याओं के शीघ्र, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। राजातालाब तहसील सभागार में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। 

123

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। विशेष रूप से पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़े मामलों पर ध्यान केंद्रित किया गया। कई जटिल प्रकरणों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों के आपसी समन्वय से समाधान कराया गया, जिससे लोगों को तत्काल राहत मिली।

कार्यक्रम में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि उसका प्रभाव जमीन पर दिखाई दे। उन्होंने थाना प्रभारियों और राजस्व निरीक्षकों को चेतावनी दी कि तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

123

जिलाधिकारी ने प्रशासनिक कार्यशैली में पारदर्शिता और मानवीय दृष्टिकोण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने की भी हिदायत दी गई।

भूमि विवादों और अवैध कब्जों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए। इन टीमों को विवादित स्थलों का निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच के बाद विधिक समाधान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस दौरान कुल 246 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से लगभग 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this story