अखिलेश यादव की माफियाओं के साथ तस्वीर वाली होर्डिंग से गरमाई सियासत, सपा ने जताया विरोध

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर माफियाओं के साथ लगाकर लगाए गए पोस्टरों और होर्डिंग को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। वाराणसी समेत प्रदेश के कई जनपदों में लगाई गई इन होर्डिंग को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। पार्टी नेताओं ने इसे समाजवादी पार्टी की राजनीतिक छवि खराब करने की कोशिश बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

होर्डिंग में अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ समाजवादी पार्टी और माफियाओं के कथित संबंधों को लेकर स्लोगन लिखे गए थे। विभिन्न जनपदों में इस तरह की होर्डिंग लगाए जाने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस तरह के पोस्टर लगाकर राजनीतिक माहौल बिगाड़ने और समाजवादी पार्टी को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।

सपा कार्यकर्ताओं ने वाराणसी पुलिस से मामले का संज्ञान लेकर होर्डिंग लगवाने वालों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की होर्डिंग लगाकर राजनीतिक दल की छवि को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

123

पुलिस से कार्रवाई की मांग
समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव राजू यादव ने होर्डिंग लगाने वालों की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की तस्वीर को माफियाओं के साथ जोड़कर प्रदर्शित करना पार्टी की राजनीतिक छवि खराब करने की कोशिश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की जांच कर होर्डिंग लगवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

इस प्रकरण को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। पार्टी नेताओं ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं, होर्डिंग किसने लगवाई और इसके पीछे किसकी भूमिका है, यह जांच का विषय है।

Share this story