वाराणसी पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव, पार्टी नेताओं ने किया स्वागत, कार्यकर्ताओं में उत्साह
वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। वह लखनऊ से निजी विमान से बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। उनके आगमन को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

एयरपोर्ट से अखिलेश यादव सीधे सीर गोवर्धन के लिए रवाना हुए। यहां वह चंदा यादव के आवास पर पहुंचकर स्वर्गीय राजेश यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। साथ ही शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।
इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री फौजी कोठी जाएंगे। यहां समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश महासचिव अजय फौजी से मुलाकात का कार्यक्रम है। इसके बाद वह सुंदरपुर स्थित राजेंद्र विहार में राजेश सिंह के आवास पर पहुंचेंगे। यहां करीब आधे घंटे रुकने के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वाराणसी एयरपोर्ट से अखिलेश यादव निजी विमान से लखनऊ लौट जाएंगे। उनके दौरे को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

