नगर निगम के खिलाफ समाजवादी छात्रसभा का प्रदर्शन, सपा कार्यकर्ता ने जमीन पर लेट कर की अलाव जलाने की मांग, कहा - नगर निगम कुंभकर्णी नींद से जागो

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मच्छोदरी पार्क तिराहे पर रविवार को समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम की अव्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन करते हुए अपने एक साथी को जमीन पर लिटाया और उसके ऊपर "नगर निगम होश में आओ, कुंभकर्णी नींद से जागो" लिखी तख्ती रखकर नारे लगाए।

sapa

अलाव जलाने के दावों पर सवाल

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कड़ाके की ठंड के बावजूद नगर निगम शहर में अलाव जलाने में नाकाम रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अलाव केवल कागजों पर जल रहे हैं और जहां अलाव की व्यवस्था की गई है, वहां लकड़ी की मात्रा इतनी कम है कि लोगों को कोई राहत नहीं मिल पा रही है।

sapa

छात्र सभा के महासचिव ने लगाए गंभीर आरोप

समाजवादी छात्र सभा के जिला महासचिव आयुष्मान चंद्रवंशी ने कहा, "कड़ाके की ठंड के बावजूद नगर निगम ने किसी भी प्रमुख चौराहे पर पर्याप्त अलाव नहीं जलवाया। जिन जगहों पर अलाव जल रहे हैं, वहां चार दिनों तक लकड़ी की आपूर्ति नहीं होती। मच्छोदरी पार्क इलाके में मेहनत-मजदूरी करने वाले बड़ी संख्या में रहते हैं, लेकिन नगर निगम ने उनकी अनदेखी की है।"

उन्होंने नगर निगम पर केवल कागजों में अलाव जलाने और वास्तविकता में कुछ न करने का आरोप लगाया।

sapa

स्थानीय लोगों का समर्थन

प्रदर्शन में समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए। उन्होंने बताया कि नगर निगम से कई बार अलाव की व्यवस्था करने की मांग की गई, लेकिन उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ठंड के मौसम में बेसहारा और गरीब लोग सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं, लेकिन नगर निगम उनकी समस्याओं को हल करने में असमर्थ साबित हुआ है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य ठंड से परेशान लोगों की आवाज उठाना है। उन्होंने नगर निगम से अपील की कि मच्छोदरी पार्क जैसे प्रमुख इलाकों में तुरंत अलाव की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को ठंड से राहत मिल सके।

Share this story