मिर्जामुराद में फेंसिंग से टकराई तेज रफ्तार बाइक, सेल्समैन की मौत, सदमे में परिवार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक सेल्समैन की मौत हो गई। यह हादसा आनंद ढाबा के पास उस समय हुआ। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की फेंसिंग से जा टकराई। घायल बाइक सवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। 

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के पूरे गांव निवासी अमित कुमार सिंह (45 वर्ष) एक निजी बैटरी कंपनी में सेल्समैन के पद पर कार्यरत थे। सोमवार रात करीब 11 बजे वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह रूपापुर स्थित आनंद ढाबा के समीप पहुंचे, उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज गति के कारण सीधे फेंसिंग से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमित बाइक से उछलकर काफी दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। मृतक अमित कुमार सिंह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

Share this story