गंगा के 19 खतरनाक घाटों पर लगेंगी सेफ्टी नेट और फ्लोटिंग बैरिकेडिंग, जल पुलिस के जाल से बचेंगी जिंदगियां 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंगा के खतरनाक माने जाने वाले घाटों के सामने गंगा में अब सेफ्टी नेट लगाई जाएगी। वहीं फ्लोटिंग बैरिकेडिंग भी बनाई जाएंगी। जल पुलिस के इस जाल से गंगा में डूबने वाली जिंदगियां बचेंगी। आठ घाटों पर वॉच टावर के साथ ही आठ घाटों पर फ्लोटिंग जेटी लगाने की तैयारी भी चल रही है। 

दरअसल, काशी में देश-दुनिया से सैलानी घूमने आते हैं। इस दौरान गंगा स्नान के दौरान कइयों की डूबने से मौत हो जाती है। ऐसी घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। खासतौर से खतरनाक घोषित किए गए घाटों पर अधिकतर हादसे होते हैं। इन हादसों पर लगाम लगाने की दिशा में जल पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। खतरनाक घोषित घाटों पर साइनेज, फ्लोटिंग बैरिकेडिंग, जाल, वॉच टावर समेत अन्य सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। 

एसीपी जल पुलिस अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि गंगा घाटों पर सुरक्षा को लेकर इंतजाम किए जा रहे हैं। फ्लोटिंग बैरिकेडिंग, सेफ्टी नेट, वॉच टावर, साइनेज समेत अन्य तैयारियां की जा रही हैं। 

इन घाटों पर फ्लोटिंग बैरिकेडिंग
अस्सी घाट, तुलसी घाट, जानकी घाट, केदार घाट, हनुमान घाट, प्रह्लाद घाट, चौसट्ठी घाट, अहिल्याबाई घाट, शीतला घाट, प्रयाग घाट, दशाश्वमेध घाट, मीर घाट, सिंधिया घाट, पंचगंगा घाट, गया घाट, त्रिलोचन घाट, रानी घाट, राजघाट और रामनगर बलुआ घाट पर फ्लोटिंग बैरिकेडिंग लगाई जाएगी। 

इन घाटों पर लगेंगे वॉच टावर
तुलसी घाट, अस्सी घाट के बीच शीतला घाट, अहिल्याबाई घाट के बीच, हनुमान घाट-शिवाला घाट के बीच, जानकी घाट, केदार घाट, मीर घाट, शीतला घाट, सिंधिया घाट और गया घाट पर वॉच टावर लगाए जाएंगे।

Share this story