8.5 करोड़ से बदलेगी शहीद उद्यान की तस्वीर, दो माह में पूरा होगा सौंदर्यीकरण कार्य, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
वाराणसी। शहर के प्रमुख पार्कों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में नगर निगम वाराणसी लगातार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में सिगरा स्थित शहीद उद्यान के व्यापक जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पार्क का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहीद उद्यान का सौंदर्यीकरण कार्य अगले दो माह के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाए, ताकि शहरवासियों को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक आकर्षक पार्क मिल सके। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने पर विशेष जोर दिया।
करीब 8.5 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए अत्याधुनिक झूले लगाए जा रहे हैं। साथ ही आकर्षक फव्वारों का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे पार्क की सुंदरता और बढ़ेगी। मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों के लिए विशेष पाथवे तैयार किए जा रहे हैं, जबकि पूरे परिसर में आधुनिक लाइटिंग और बेहतर बैठने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

इसके अतिरिक्त, पार्क परिसर में लगभग 1.5 करोड़ रुपये की लागत से डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण भी कराया जा रहा है। यह लाइब्रेरी छात्रों और पुस्तक प्रेमियों को शांत, आधुनिक और हाईटेक वातावरण उपलब्ध कराएगी। नगर निगम का उद्देश्य शहीद उद्यान को शहर के प्रमुख आकर्षण केंद्रों में शामिल करना है, जहां नागरिक मनोरंजन, अध्ययन और स्वास्थ्य लाभ के लिए बेहतर सुविधाएं प्राप्त कर सकें।

