पिंडरा-सेवापुरी क्षेत्र की सड़कों के चौड़ीकरण पर 21 करोड़ होंगे खर्च, कई मार्गों की बदलेगी सूरत 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले में सड़क चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और नए संपर्क मार्गों के निर्माण को लेकर शासन ने बड़ी सौगात दी है। पिंडरा और सेवापुरी क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्यों पर 21 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। इन परियोजनाओं के लिए शासन स्तर से वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार बाबतपुर एयरपोर्ट को जोड़ने वाले मार्गों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। एयरपोर्ट पहुंच मार्ग को छह लेन में विकसित करने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। इसके तहत कई संपर्क मार्गों को भी बेहतर बनाया जाएगा।

सेवापुरी क्षेत्र में रिंग रोड फेज-2 से अंतरराष्ट्रीय कंटेनर टर्मिनल को जोड़ने वाले मार्ग का निर्माण भी इस योजना में शामिल है। लगभग 2.25 किलोमीटर लंबे इस कंटेनर मार्ग के निर्माण पर सबसे अधिक करीब 10.31 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसके अलावा बाबतपुर एयरपोर्ट से वाराणसी-भदोही मार्ग तक करीब 0.97 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य भी कराया जाएगा। इस मार्ग को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने की योजना है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

पिंडरा क्षेत्र के नोनौरा-सजौई-मोतीपुर-बड़ागांव-भीमपुर होते हुए फोरलेन पुल तक जाने वाले करीब 9.6 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य को भी मंजूरी दी गई है। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-98 से भीम गांव तक लगभग 1.485 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग के निर्माण को भी स्वीकृति मिली है।

अधिकारियों का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा, यातायात का दबाव कम होगा और एयरपोर्ट तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगा। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

Share this story