रामनगर में 200 करोड़ से बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, पीएम करेंगे शिलान्यास
वाराणसी। रामनगर में 200 करोड़ की लागत से रीजनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण कराया जाएगा। भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण की ओर से निर्मित होने वाले सेंटर में 5000 से अधिक छात्रों को जल परिवहन से जुड़े रोजगार की ट्रेनिंग मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी दौरे के दौरान इसकी नींव रखेंगे।
कोलकाता से प्रयागराज तक राष्ट्रीय जलमार्ग एक पर भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण की ओर से जल परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है। आने वाले समय में जलमार्ग के रास्ते व्यापार को बढ़ावा मिले, इसके लिए गंगा किनारे बसे वाराणसी को प्रमुख केंद्र के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में रामनगर में ही भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण की ओर से रीजनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण कराया जाएगा।
सेंटर में नाविकों, पोर्ट कर्मियों व जलमार्ग से जुड़े कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें एक साथ करीब 5000 से अधिक प्रतिभागियों को सिमुलेटर आधारित प्रशिक्षण के साथ ही नेविगेशन और जहाज संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

