वाराणसी में दो करोड़ की चोरी का खुलासा, विशाल गैंग के 4 शातिर गिरफ्तार, 900 ग्राम सोना, हीरे के आभूषण और नकदी बरामद 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में हुई करीब दो करोड़ रुपये की बड़ी चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए कुख्यात ‘विशाल गैंग’ के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 900 ग्राम सोना, हीरे के कीमती आभूषण और 4.27 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस आयुक्त ने पुलिस टीम को एक लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। 

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य पहले शहर की पॉश कॉलोनियों और बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे। वे यह सुनिश्चित करते थे कि घर के लोग बाहर गए हों या मकान लंबे समय से बंद हो। पूरी जानकारी जुटाने के बाद आरोपी रात के समय घरों में घुसकर जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।

123

डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि तीन जून को शिवपुर में एक बड़ी चोरी की घटना हुई थी। लगभग दो करोड़ की चोरी की घटना सामने आई थी। पुलिस एफआईआर दर्ज कर घटना की छानबीन में जुटी थी। पिछले 10 दिनों से पुलिस शिद्दत से लगी थी। इसमें चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें एक को पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि चोरी का मास्टर माइंड विशाल है। उसका सेकेंड मैन यश और दो अन्य को पकड़ा गया है। इनका एक साथी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी है। 

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से आठ सोने की ब्रिक, दो सोने की चेन, तीन सोने के कंगन, दो सोने के धागे, एक डायमंड मंगलसूत्र, डायमंड टॉप्स, एक डायमंड रिंग, दो डायमंड ईयरिंग्स तथा 4.27 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान हाल ही में हुई बड़ी चोरी की घटनाओं से संबंधित है।

123

पुलिस के अनुसार गिरोह के सभी सदस्य लालपुर थाना क्षेत्र के भक्तिनगर में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे और वहीं से पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ आजमगढ़ तथा महाराष्ट्र के शोलापुर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास और अन्य राज्यों में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है। 

डीसीपी ने बताया कि विशाल के खिलाफ 15 मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य साथियों पर भी मुकदमे हैं। शिवपुर थाना पुलिस एवं अन्य टीमों की संयुक्त कार्रवाई से इस हाई-प्रोफाइल चोरी कांड का खुलासा संभव हो सका। इस महत्वपूर्ण सफलता पर पुलिस आयुक्त ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को एक लाख रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Share this story