सावन में वाराणसी में लागू रहेगा रूट डायवर्जन, भारी वाहनों की नो-एंट्री, 35 पार्किंग स्थल तैयार

WhatsApp Channel Join Now

कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान, शहर के कई मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर रहेगी पाबंदी

30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगा सावन मेला यातायात प्लान, शनिवार रात से मंगलवार सुबह तक विशेष डायवर्जन

मैदागिन-गोदौलिया मार्ग सभी दिनों में नो-व्हीकल जोन रहेगा, कांवड़ियों के लिए बाईं लेन गुड़िया बॉर्डर से चांदपुर तक सुरक्षित रहेगी

 

वाराणसी। सावन मास में श्री काशी विश्वनाथ धाम समेत प्रमुख शिवालयों में लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के आगमन को देखते हुए वाराणसी कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए डायवर्जन, बैरियर और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस का यह प्लान सावन मेला अवधि के दौरान लागू रहेगा।

 

शहर में भारी वाहनों की एंट्री बंद
गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, चंदौली, प्रयागराज और भदोही की ओर से वाराणसी आने वाले बस, ट्रक समेत बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन वाहनों को रिंग रोड और एनएच-19 के रास्ते गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली की ओर से आने वाली रोडवेज बसें रखौना ओवरब्रिज से रिंग रोड होते हुए हरहुआ के रास्ते शहर में प्रवेश करेंगी। वहीं गाजीपुर, आजमगढ़ और जौनपुर की बसों को हरहुआ से लालगेट बाजार, शिवपुर चुंगी, फूलवरिया और लहरतारा होते हुए कैंट बस स्टेशन भेजा जाएगा।

कांवड़ वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था
चांदपुर चौराहे से मोहनसराय तक शनिवार रात आठ बजे से मंगलवार सुबह आठ बजे तक कांवड़ वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। सामान्य दिनों में भारी वाहनों के अलावा अन्य वाहनों को आवागमन की अनुमति रहेगी। वाराणसी सीमा से गुड़िया बॉर्डर, रखौना अंडरपास, राजातालाब, मोहनसराय, मुड़ैला और चांदपुर तक बाईं लेन पूरे सावन माह में कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रखी जाएगी।


35 स्थानों पर पार्किंग
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए शहर और आसपास कुल 35 पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। इनमें ट्रांसपोर्ट नगर ग्राउंड, जगतपुर इंटर कॉलेज, एफसीआई मैदान, क्वीस इंटर कॉलेज, राजकीय आईटीआई मैदान, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, काशी रेलवे स्टेशन पार्किंग, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर, नरिया, बीएचयू, रामापुरा और गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग समेत अन्य स्थान शामिल हैं।


गोदौलिया समेत कई क्षेत्र नो-व्हीकल जोन
काशी विश्वनाथ मंदिर और दशाश्वमेध घाट जाने वाले पैदल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेनिया से रामापुरा, खारी कुआं होते हुए जंगमबाड़ी, सोनारपुरा से लक्सा होते हुए गोदौलिया और मैदागिन से गोदौलिया तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मैदागिन से गोदौलिया मार्ग सभी दिनों के लिए पूर्णतः नो-व्हीकल जोन रहेगा। गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट और पीडीआर माल से रामापुरा तक भी वाहनों पर रोक रहेगी।

यातायात सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 7839856994

Share this story