वाराणसी में रोटरी प्रीमियर लीग का भव्य आगाज़, मनोज तिवारी ने किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रोटरी क्लब बनारस द्वारा आयोजित रोटरी प्रीमियर लीग (आरपीएल) 3120 का बुधवार को सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद मनोज तिवारी और महापौर अशोक कुमार तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर इस पांच दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस दौरान मनोज तिवारी ने मैदान पर चौके-छक्के लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह भी बढ़ाया।

मनोज तिवारी ने कहा कि जहां दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है, वहीं वाराणसी में खेलों का उत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने नरेंद्र मोदी की “खेलेगा इंडिया तो खिलेगा इंडिया” मुहिम का जिक्र करते हुए कहा कि रोटरी क्लब बनारस इस अभियान को आगे बढ़ाने में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने इस आयोजन को खेल संस्कृति को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

123

महापौर अशोक तिवारी ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से न केवल खिलाड़ियों को मंच मिलता है, बल्कि शहर की पहचान भी मजबूत होती है। उन्होंने रोटरी क्लब बनारस को प्रदेश का अग्रणी क्लब बताते हुए आयोजन की सफलता की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान रोटरी गवर्नर डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन आलोक पारिख ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन क्लब अध्यक्ष विजय जायसवाल ने दिया। शुभारंभ के मौके पर भव्य आतिशबाजी और रंग-बिरंगे गुब्बारों के साथ आयोजन की शुरुआत हुई। साथ ही पीयूष मिश्रा द्वारा आरपीएल का थीम सॉन्ग प्रस्तुत किया गया, जिसने माहौल को और उत्साहित कर दिया।

लीग के पहले दिन चार मुकाबले खेले गए, जिसमें 16 टीमों के बीच कुल 25 मैच खेले जाने हैं। उद्घाटन मैच रोटरी क्लब डाउनटाउन और रोटरी क्लब बनारस शाइन के बीच हुआ। इसके अलावा रॉयल्स वॉरियर बनाम रोटरी क्लब अकैडेमिया, रोटरी क्लब एलीट बनाम रोटरी क्लब मिर्जापुर और रोटरी क्लब काशी बनाम रोटरी क्लब ग्रेटर के बीच भी मुकाबले खेले गए।

Share this story