स्वतंत्रता दिवस से काशी में रोपवे का संचालन, चल रही अंतिम चरण की टेस्टिंग, सुरक्षा मानकों की गहन जांच 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशीवासियों और पर्यटकों के लिए बहुप्रतीक्षित रोपवे परियोजना जल्द ही हकीकत बनने जा रही है। अधिकारियों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त से वाराणसी में रोपवे सेवा शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए परियोजना की अंतिम चरण की टेस्टिंग लगातार जारी है। इस दौरान सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जा रही है।

रोपवे के संचालन से पहले प्रत्येक तकनीकी और सुरक्षा पहलू का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि सभी परीक्षण सफल रहे तो 15 अगस्त तक परियोजना को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। टेस्टिंग के दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि रोपवे शुरू होने के बाद मोबाइल नेटवर्क से लेकर अन्य तकनीकी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से कार्य करें।

विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम विभिन्न चरणों में रोपवे का परीक्षण कर रही है। सुरक्षा जांच के तहत निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की कमी या तकनीकी खामी की पहचान कर उसे दूर किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार यह परीक्षण एक बार नहीं, बल्कि कम से कम चार बार दोहराया जाता है, ताकि संचालन शुरू होने से पहले हर व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित और विश्वसनीय साबित हो सके।

रोपवे परियोजना में 148 यात्रियों की क्षमता वाली प्रणाली विकसित की गई है। लगभग 130.24 मीटर ऊंचाई तक पहुंचने वाली इस आधुनिक परिवहन व्यवस्था को लेकर सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। परीक्षण के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, आपातकालीन प्रबंधन और तकनीकी दक्षता से जुड़े सभी मानकों की जांच की जा रही है।

रोपवे शुरू होने के बाद कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक की यात्रा काफी आसान और तेज हो जाएगी। इससे शहर के यातायात दबाव को कम करने के साथ-साथ पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। वाराणसी के लोग अब स्वतंत्रता दिवस पर इस आधुनिक परिवहन सुविधा के शुभारंभ का इंतजार कर रहे हैं।

Share this story