रोहनिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50.5 किलो प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के साथ युवक को पकड़ा
वाराणसी। अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रोहनिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रूप से प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेच रहे एक युवक को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से करीब 50 किलो 500 ग्राम चाइनीज मांझा बरामद किया है। पुलिस उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही।
अपराधों की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन एवं अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में, सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया के नेतृत्व में थाना रोहनिया पुलिस टीम ने सटीक सूचना पर यह छापेमारी की।
नगर पंचायत गंगापुर क्षेत्र में एक दुकान में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा रखकर बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और दुकान से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रिंस अग्रहरी पुत्र राजेश अग्रहरी नगर पंचायत गंगापुर का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 50 किलो 500 ग्राम प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया। इस संबंध में थाना रोहनिया में मुकदमा संख्या 374/2025 धारा 293, 125, 223 बीएनएस एवं 5/15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, उपनिरीक्षक नीरज कुमार, उपनिरीक्षक अनुज कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार शामिल रहे।

