रोहनिया विधायक ने मुख्यमंत्री से रखीं विकास की तीन बड़ी मांगें, महिला पॉलीटेक्निक से लेकर ग्रेड सेपरेटर तक पर हुई चर्चा
वाराणसी। रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े प्रमुख विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों को विस्तार से उठाया। मुलाकात के दौरान उन्होंने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
विधायक ने सबसे पहले रोहनिया क्षेत्र में राजकीय महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज की स्थापना की मांग की। उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को तकनीकी शिक्षा के लिए दूर-दराज के संस्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है। यदि क्षेत्र में महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज स्थापित होता है तो बेटियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर भी मिल सकेंगे।
इसके अलावा डॉ. सुनील पटेल ने रमना, टिकरी, मुड़ाडीह सहित दर्जनों गांवों में हर वर्ष आने वाली बाढ़ की समस्या का मुद्दा उठाते हुए स्थायी समाधान के लिए मजबूत तटबंध निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण किसानों की फसलें और ग्रामीणों का जनजीवन हर साल प्रभावित होता है, इसलिए तटबंध निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
विधायक ने मोहनसराय चौराहे पर बढ़ते यातायात दबाव का भी उल्लेख किया और वहां ग्रेड सेपरेटर के निर्माण की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि यह चौराहा राष्ट्रीय राजमार्ग का महत्वपूर्ण जंक्शन है, जहां लगातार जाम और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या बनी रहती है। ग्रेड सेपरेटर बनने से यातायात सुगम होगा और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक परीक्षण एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से रोहनिया क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

