वाराणसी में बंदूक की नोक पर 80 लाख की डकैती, गुजरात की कंपनी का पैसा लेकर आया था कर्मी, जांच में जुटी पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवराजनगर में बंदूक की नोक पर 80 लाख की डकैती की घटना सामने आई है। घटना 14 मार्च की है। पीड़ित ने गुरुवार को प्रार्थना पत्र देकर पुलिस को अवगत कराया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। 

123

गुजरात के गांधीनगर के रांझरडा के सुरमाया पार्ट-2 निवासी कमलेश शाह ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी एक फर्म मेसर्स एसके टेडर्स है। कंपनी का कार्यालय जवेरी बाजार मुंबई और हेड ऑफिस गुजरात में है। कंपनी सब्जी, फल, फूल और अन्य कृषि उत्पादकों का कारोबार पूरे भारत  में करती है। कंपनी को वाराणसी के कुछ कृषि उत्पादकों से सामान खरीदना था। इस पर उन्होंने अपने अस्थायी कर्मचारी बजरंग सिंह को 80 लाख रुपये देकर भेजा। 

123

बजरंग सिंह पैसे लेकर क्रेटा कार से वाराणसी स्थित उनके परिचित राजेंद्र सिंह के बजरडीहा के शिवराज नगर कॉलोनी पहुंचा। वह रात में गाड़ी पार्किंग में खड़ाकर उसमे सोया था। 14/15 मार्च की दरम्यानी रात में 3.30 से 4.00 बजे के बीच में 5-6 अज्ञात लोग पार्किंग में घुस गए। उन्होंने बंदूक की नोक पर चालक बजरंग के साथ मारपीट की और कार की डिक्की में रखे 80 लाख रुपये लूट लिए। धमकी दी कि यदि शोर मचाया तो जान से मार देंगे। उसने घटना की जानकारी राजेंद्र सिंह और कंपनी के कर्मी हसमुख गिरी को दी। 

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। घटनास्थल की छानबीन की गई। जिस मकान में घटना हुई उसके गृहस्वामी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरा क्रियाशील नहीं है। मामला पुराना है। ऐसे में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share this story