बरसात में न डूबें शहर की सड़कें, मंडलायुक्त ने मानसून एक्शन प्लान की मीटिंग में दिए निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की दी हिदायत  

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मानसून से पहले शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कमिश्नरी सभागार में मानसून एक्शन प्लान की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों से बारिश और संभावित बाढ़ से पहले कराए जाने वाले कार्यों तथा अब तक हुई प्रगति की विस्तार से जानकारी ली।

मंडलायुक्त ने नगर निगम, विद्युत विभाग, पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून को देखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि शहर में नालों और नालियों की सफाई हर हाल में इस महीने के अंत तक पूरी हो जानी चाहिए। साथ ही यह भी कहा कि सामान्य मानसून की तैयारी के तहत नाला सफाई की कार्ययोजना मई के अंत तक पूरी हो जानी चाहिए, जून के अंत तक नहीं। उन्होंने अधिकारियों को रूटीन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।

123

विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि पूरे बनारस में बिजली आपूर्ति के लिए अंडरग्राउंड वायरिंग का कार्य किया गया है, लेकिन कई स्थानों पर डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स जमीन के स्तर पर हैं। उन्होंने इन्हें ऊंचा करने और तारों को किसी भी स्थिति में प्लास्टिक से न बांधने के निर्देश दिए। चीफ इंजीनियर विद्युत को अभियान चलाकर तारों को प्लास्टिक मुक्त कराने और फेंसिंग या कवरिंग की उचित व्यवस्था करने को कहा गया।

मंडलायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि बाढ़ के दौरान बिजली सप्लाई, कटौती और अन्य तकनीकी समस्याओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की जाए। जहां भी बिजली के खंभे हटाए जाएं, उन्हें एक साथ शिफ्ट करने को कहा गया। स्ट्रीट लाइटों को लेकर उन्होंने अलग कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए और कहा कि शहर की सभी स्ट्रीट लाइटें चालू हालत में होनी चाहिए। खराब लाइटों को तत्काल ठीक कराया जाए।

सीवर और सड़क कार्यों को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने कहा कि जहां सीवर या बिजली के लिए गड्ढे बनाए गए हैं, वहां मजबूत बैरिकेडिंग और कवरिंग की जाए। गलियों के छोटे गड्ढों को भी नजरअंदाज न किया जाए। टूटे या गायब सीवर ढक्कनों को तुरंत दुरुस्त कराया जाए। पीडब्ल्यूडी को सड़क चौड़ीकरण वाले स्थानों से मलबा तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।

घाटों की सुरक्षा को लेकर मंडलायुक्त ने सभी घाटों पर एकीकृत पब्लिक एड्रेस सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, सायरन और कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। संभावित बाढ़ या भारी बारिश की स्थिति में रैन बसेरों, फूड पैकेट, नावों में लाइफ जैकेट और सायरन टेस्ट की कार्ययोजना पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व सदानंद गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story