गड्ढों में तब्दील हुईं सीर गोवर्धनपुर की सड़क, बारिश में बढ़ा हादसों का खतरा
रविदास मंदिर से रविदास पार्क तक बदहाल मार्ग से गुजरना मुश्किल, स्थानीय लोगों ने आंदोलन की दी चेतावनी
वाराणसी। बरसात के मौसम में सीर गोवर्धनपुर वार्ड के लोगों की मुश्किलें कम होने के बजाय बढ़ती जा रही हैं। जलभराव, जर्जर सड़कों, गड्ढों और मकानों के धराशायी होने जैसी समस्याओं को लेकर स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि समस्याओं को लेकर कई बार धरना-प्रदर्शन और शिकायतें किए जाने के बावजूद नगर निगम और संबंधित विभाग स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार क्षेत्र में कभी जलभराव तो कभी खराब सड़क और गड्ढों की समस्या को लेकर विरोध करना पड़ता है। बारिश के दौरान हालात और खराब हो जाते हैं। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब जाती हैं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। वहीं, क्षेत्र में कुछ मकानों के धराशायी होने की घटनाओं को लेकर भी नागरिकों ने आवाज उठाई है।

रविदास मंदिर से पार्क तक सड़क बदहाल
सीर गोवर्धनपुर में रविदास मंदिर से रविदास पार्क तक जाने वाले मार्ग की स्थिति सबसे खराब बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। कई स्थानों पर सड़क की गिट्टियां उखड़ चुकी हैं। बारिश का पानी गड्ढों में भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।

इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, स्थानीय नागरिक, राहगीर और दोपहिया वाहन चालक गुजरते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को संभलकर आवागमन करना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गड्ढों के कारण कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। दोपहिया वाहनों के साथ ऑटो और टोटो के पलटने का भी खतरा बना रहता है।

बारिश में और गंभीर हुई स्थिति
बारिश के बाद सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से समस्या और गंभीर हो गई है। पानी के नीचे क्षतिग्रस्त सड़क दिखाई नहीं देने से वाहन चालक अचानक गड्ढों में फंस जाते हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। नागरिकों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे की स्थिति पैदा हो सकती है।

वीआईपी दौरे पर ही कार्रवाई का आरोप
स्थानीय निवासी बहादुर यादव ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन किए जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री के वाराणसी आगमन के दौरान सड़कों की मरम्मत और साफ-सफाई पर तेजी से काम शुरू हो जाता है, लेकिन सामान्य दिनों में स्थानीय लोगों की समस्याएं नजरअंदाज कर दी जाती हैं।

उन्होंने मांग की कि वीआईपी दौरे की तैयारी के बजाय आम दिनों में भी सड़क, जलनिकासी और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं पर नियमित ध्यान दिया जाए। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से रविदास मंदिर से रविदास पार्क तक सड़क का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों को भरने और मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई है। लोगों ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।










