सड़क सुरक्षा अभियान: चोलापुर पुलिस की सख्ती, दो वाहन सीज, चालकों पर मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चोलापुर पुलिस ने लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। अल्लोपुर पेट्रोल टंकी के पास उदयपुर क्षेत्र में वाहन जांच की गई। इस दौरान लापरवाही पर दो वाहनों को सीज कर दिया गया। वहीं वाहन चालकों पर मुकदमा दर्ज किया गया। 

123

चेकिंग के दौरान दो वाहन चालक विपरीत दिशा में तेज गति और लापरवाहीपूर्वक राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चलाते पाए गए। साथ ही दोनों चालक अपने वाहनों के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पहले मामले में लालबहादुर सिंह निवासी पवारेपुर थाना चोलापुर, को चार पहिया वाहन संख्या UP65AX3900 (टाटा विक्टर) को गलत दिशा में तेज गति से चलाते हुए पकड़ा गया। दूसरे मामले में दुखन्तु कुमार, निवासी सैदूपुर थाना चकिया जनपद चंदौली, ट्रैक्टर (सोनालिका DI 745 RX) बिना नंबर प्लेट के विपरीत दिशा में चलाते मिले।

दोनों मामलों में यह पाया गया कि सार्वजनिक मार्ग पर इस प्रकार वाहन संचालन से गंभीर दुर्घटना की आशंका थी। अतः थाना चोलापुर में मु0अ0सं0 0072/2026 एवं 0073/2026 धारा 281 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत दोनों वाहनों को सीज कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक अवनीश कुमार मिश्रा (चौकी प्रभारी चंदापुर) एवं कांस्टेबल विकास कुमार सिंह शामिल रहे।

Share this story